केशकाल, 22 अप्रैल 2026। केशकाल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 115.214 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 11,52,140 रुपये आंकी गई है, तथा एक महिंद्रा XUV 500 कार (क्रमांक RJ 14 UF 2337) बरामद की गई है। वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत 29,52,140 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में अवैध गांजा व शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 20 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से रायपुर की ओर जा रही एक संदिग्ध कार में गांजा तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर केशकाल थाना के सामने नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। कार में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ में उनकी पहचान सूरज सिंह राठौड़ एवं पंकज पुरी गोस्वामी, निवासी जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 53 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
