Anp News Live Janjgir- Champa जांजगीर-चांपा पुलिस ने जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघुल-भदराखार में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर 14 जुआड़ियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, दो मोटरसाइकिल और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जून की देर शाम शिवरीनारायण पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिंघुल-भदराखार में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और 14 लोगों को मौके पर जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 3 हजार 800 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, 52 पत्ती ताश की गड्डी, प्लास्टिक बोरी एवं अन्य सामग्री बरामद की। जब्त मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 194/2026 एवं 195/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई। बाद में सभी आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के.पी. सिंह, प्रधान आरक्षक रितेश परमार, प्रधान आरक्षक छगन साहू, आरक्षक पतिराम यादव, टुकेश्वर डडसेना, कुलदीप खुंटे, बलराम यादव, राजेश कौशिक एवं शिवरीनारायण थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
