Anp News Live Janjgir- Champa बलौदा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को कोरबा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बलौदा में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 5 मार्च 2026 को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। मामले में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस लगातार नाबालिग और आरोपी की तलाश में जुटी रही। साइबर तकनीक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं आरोपी दुवास केंवट (21 वर्ष) निवासी जवाली, थाना बाकीमोंगरा, जिला कोरबा को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64, 64(M), 65(1), 69 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उपनिरीक्षक कौशल सिदार, महिला प्रधान आरक्षक रामकुमारी मार्को, आरक्षक रज्जू रात्रे, लखेश विश्वकर्मा एवं महिला आरक्षक चंद्रप्रभा शांते की सराहनीय भूमिका रही।
