Anp news live Korba विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान "एक पेड़ माँ के नाम" का शुभारंभ किया। 5 जून से 21 जून तक चलने वाले जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की शुरुआत इसी अभियान के साथ की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। आत्मानंद स्कूल, एनसीडीसी एवं सुभाष ब्लॉक में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हुए हैं, जिससे जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक भाजपा द्वारा विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, पवन गर्ग, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने इस अभियान से जुड़कर इसे सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
