Anp News Live korba जिले में वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा संचालित "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुराना एवं नया बस स्टैंड टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने टैक्सी, कैब एवं अन्य यात्री वाहन चालकों को वर्तमान समय में बढ़ रही लूट, धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति की बुकिंग स्वीकार करने से पहले उसकी पहचान सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
चालकों को यात्री का आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य पहचान पत्र की प्रति प्राप्त करने, यात्री का स्पष्ट फोटो लेकर अपने परिजनों या विश्वसनीय लोगों को भेजने तथा यात्रा के दौरान मोबाइल का जीपीएस चालू रखते हुए लाइव लोकेशन साझा करने की सलाह दी गई।
इसके अलावा रात्रिकालीन यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सुनसान स्थानों पर वाहन न रोकने, मोबाइल फोन को चार्ज रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या निकटतम पुलिस थाना को देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों एवं वाहन चालकों ने पुलिस द्वारा दिए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा अन्य चालकों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान कोरबा police द्वारा तैयार सुरक्षा एडवाइजरी एवं जागरूकता पोस्टरों का भी वितरण किया गया।
कोरबा पुलिस ने सभी टैक्सी, कैब और यात्री वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
सजग रहें, सुरक्षित रहें।
"सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के साथ कोरबा पुलिस नागरिकों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।
