Anp News Live Korba सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरपाली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बना। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किए जाने से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
विकासखंड कोरबा के शाला भवन परिसर में आयोजित इस शिविर में बरपाली, मदनपुर, जिलगा, चचिया, कूदमुरा, तौलीपाली, बासीन, कोलगा, सोलवा एवं कटकोना सहित 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश कुमार निर्मलकर ने सुशासन तिहार की अवधारणा, राज्य शासन के ‘संवाद से समाधान’ अभियान तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं और सेवाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया।
शिविर में कुल 710 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 107 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, बिहान समूह की महिलाओं को लखपति दीदी सम्मान पत्र, नवदंपति नई पहल किट, टीबी मरीजों को पोषण किट, आयुष्मान कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी और श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
इसके अलावा हितग्राहियों को आवास की चाबी, प्रशस्ति पत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने शिविर में अधिकारियों की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल बताया।
