कोंडागांव, 12 जून 2025: कोंडागांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया जब एक गाय के पेट से करीब 80 किलो पॉलीथीन निकाली गई। बुधवार को हुई यह जटिल रूमेनोटोमी सर्जरी पशु चिकित्सा उपसंचालक डॉ. एम.बी. सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. ढालेश्वरी और डॉ. दीपिका सिदार की टीम ने सफलतापूर्वक की। इस ऑपरेशन में पशु चिकित्सा अधिकारी अश्विन नेताम और खेमराज साहू ने भी अहम भूमिका निभाई।
डॉक्टरों के अनुसार, गाय को पॉलीथीन इम्पैक्शन हो गया था—यह स्थिति तब उत्पन्न होती है जब जानवर गलती से प्लास्टिक या पॉलीथीन खा लेता है, जो उसके पाचन तंत्र में जमा होकर जानलेवा रुकावट पैदा करता है। प्रभावित गाय में भूख कम होना, जुगाली बंद हो जाना, पेट फूला रहना, वजन घटना और कब्ज जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
सर्जरी के बाद अब गाय को विशेषज्ञों की देखरेख में रखा गया है और उसे आवश्यक विटामिन, फ्लूइड और पाचन उत्तेजक दवाएँ दी जा रही हैं।
रोकथाम है जरूरी
डॉ. ढालेश्वरी ने बताया कि यह स्थिति अक्सर तब होती है जब जानवर खुले में पड़े कचरे से भोजन करते हैं। पॉलीथीन का कोई पाचन नहीं होता, जिससे वह रूमेन में इकट्ठा होकर जानवर की जान खतरे में डाल सकता है।
पशुपालन विभाग की अपील:
पशुपालन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे:
पॉलीथीन का उपयोग बंद करें,
कचरे को खुले में न फेंकें,
अपने पशुओं को खुले में कचरा खाने से रोकें।
यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि प्लास्टिक प्रदूषण केवल पर्यावरण के लिए नहीं, बल्कि बेजुबान जानवरों के जीवन के लिए भी घातक साबित हो सकता है।
