कोंडागांव, 2 जून 2026। सुशासन तिहार के तहत ग्राम बड़े कनेरा के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञान भारतम् अभियान के अंतर्गत संरक्षित लगभग 150 वर्ष पुरानी प्राचीन पांडुलिपियों का अवलोकन किया। ग्राम निवासी रामूराम यादव सहित अन्य संरक्षकों द्वारा सुरक्षित रखी गई इन दुर्लभ पांडुलिपियों को देखकर मुख्यमंत्री ने उनके संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने पांडुलिपियों के इतिहास, संरक्षण और उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। संरक्षकों ने बताया कि ये पांडुलिपियां पीढ़ियों से परिवारों में सुरक्षित हैं और इनमें पंजीयार, पंजी, पुराण, पंचांग तथा चक्रकूट पंचांग जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथ शामिल हैं। इनका उपयोग पारंपरिक ज्ञान, धार्मिक अनुष्ठानों और ज्योतिषीय गणनाओं में किया जाता रहा है।

इस दौरान हरदू कश्यप, परमेश्वर मानिकपुरी, त्रिलोचन मानिकपुरी, पुरसोती राम मौर्य एवं चमरू नाग ने भी मुख्यमंत्री से चर्चा कर पांडुलिपियों के महत्व और संरक्षण की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन पांडुलिपियां हमारी सांस्कृतिक पहचान, ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस समृद्ध ज्ञान-संपदा से परिचित हो सकें।
