कोण्डागांव, 16 जनवरी 2026 | गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुम्हरावंड (जगदलपुर) में आयोजित संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सातों जिलों की टीमों ने सहभागिता की, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोंडागांव जिले ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान सुकमा जिले एवं तृतीय स्थान कांकेर जिले को प्राप्त हुआ।

कोंडागांव जिले की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान के कुशल नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती शीला शार्दुल एवं श्री निर्मल कुमार शार्दुल के संयोजन में संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे सैयद तौसीफ आलम, अंकित गुप्ता, सीमा नंदेश्वर, वर्षा मंडावी, पूनम गगबेर, सुषमा नेताम सहित प्राचार्य शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव श्री नरेन्द्र कुमार नायक, प्राचार्य सेजेस श्रीमती रूबी भट्टाचार्य तथा प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव श्रीमती अंजू मरकाम की समर्पित टीम भावना, सतत मार्गदर्शन एवं अथक परिश्रम की विशेष भूमिका रही। इन सभी के निरंतर प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को विषयवस्तु की गहन समझ, संसदीय प्रक्रियाओं का अभ्यास, मंच अनुशासन एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति का सशक्त आधार मिला।
विद्यार्थियों का प्रभावशाली प्रदर्शन
कोंडागांव जिले की ओर से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जामकोट, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यप्रणाली, समसामयिक विषयों पर सशक्त तर्क-वितर्क, अनुशासित प्रस्तुति एवं उत्कृष्ट मंच संचालन से निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप कोंडागांव की टीम विजेता बनी।
कोंडागांव जिले की यह शानदार जीत न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी समझ को भी दर्शाती है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से टीम कोंडागांव के सभी सदस्यों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए जिले स्तर पर सम्मानित करने का भी विचार व्यक्त किया है।
