कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 149 बी पर कोथारी के समीप मंगलवार तड़के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी सोनी परिवार के सदस्य शादी समारोह के बाद रिसेप्शन कार्यक्रम में शामिल होने चांपा गए थे। मंगलवार तड़के सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच सभी लोग कार क्रमांक CG04 LS 3201 से वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान कोथारी के समीप उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि कार में कुल छह लोग सवार थे। इसी बीच चांपा के तरफ से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG12 AW 6366 में कार का अगला हिस्सा फंस गया और वाहन करीब 150 से 200 मीटर तक घिसटता चला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश की मौत हो गई। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, कार में सवार अन्य तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों का इलाज एनकेएच अस्पताल में जारी है।
