एग्री स्टैक पंजीयन के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद करे सरकार: आप

कोंडागांव, 18 जुलाई। आम आदमी पार्टी विधानसभा कोंडागांव ने एग्री स्टैक किसान पंजीयन की नई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे किसानों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला कदम बताया है। विधानसभा अध्यक्ष मानसिंग नेताम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सरकार किसानों की समस्याएं दूर करने के बजाय नई प्रक्रियाओं और दस्तावेजों के नाम पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि पहले संयुक्त खाते में केवल मुख्य खातेदार का पंजीयन पर्याप्त था, लेकिन अब प्रत्येक हिस्सेदार किसान का अलग-अलग एग्री स्टैक पंजीयन अनिवार्य कर दिया गया है। इससे छोटे और सीमांत किसानों, बुजुर्गों तथा तकनीकी संसाधनों से वंचित ग्रामीण किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

 

मानसिंग नेताम ने आशंका जताई कि समय पर पंजीयन नहीं होने पर किसानों को धान बेचने और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत हो सकती है। पार्टी ने सरकार से पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त पंजीयन केंद्र एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने, किसानों को पर्याप्त समय देने तथा किसी भी पात्र किसान को तकनीकी कारणों से योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं करने की मांग की है। साथ ही किसानों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर समय पर पंजीयन कराने और किसी भी परेशानी की जानकारी प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को देने की अपील की गई है।

Related Post