गजरा ग्राउंड बना खेल प्रतिभाओं का संगम, जोश-उत्साह के बीच संपन्न हुई भव्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता

 

बांकीमोंगरा। खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास व फिटनेस की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सक्सेस पाथ एकेडमी द्वारा गजरा ग्राउंड में आयोजित एक दिवसीय सीएएफ फिजिकल एवं ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। सुबह की पहली किरण से लेकर देर शाम तक मैदान खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों की तालियों और प्रतिस्पर्धा के रोमांच से गूंजता रहा।

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है।

 

प्रतियोगिता में बांकीमोंगरा के अलावा कोरबा, सक्ती, चांपा, बिलासपुर सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया। 5 किलोमीटर मैराथन, 100 मीटर रिले दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

 

5 किलोमीटर मैराथन का शुभारंभ समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने रुमाल दिखाकर किया। युवाओं और युवतियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ दौड़ में हिस्सा लिया, जिससे गजरा ग्राउंड का माहौल खेल भावना से सराबोर हो उठा।

 

आयोजन के सफल संचालन में फिजिकल ट्रेनर सुमित महतो और सीओ पुलिस अविनाश मल्होत्रा का विशेष योगदान रहा। वहीं पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा जिला मंत्री सतीश झा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद, कृपा राम साहु, संदीप राय, अश्वनी साहु, पार्षद प्रमोद सोना, प्रकाश झा, नकुल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि यदि प्रतिभा को सही मंच और प्रोत्साहन मिले तो छोटे शहरों के युवा भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।

 

समापन अवसर पर सक्सेस पाथ एकेडमी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Related Post