रायगढ़ में जनआस्था और जनसमर्थन का उत्सव बना वित्त मंत्री ओपी चौधरी का जन्मदिन

रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी का जन्मदिन इस वर्ष केवल एक व्यक्तिगत उत्सव नहीं बल्कि जनभागीदारी, सामाजिक सौहार्द और जनसेवा के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बनकर उभरा। जिलेभर में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संगठनों ने अपने-अपने तरीके से जन्मदिन मनाते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सुबह से लेकर देर रात तक रायगढ़ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

 

रात 12 बजे से ही विधायक निवास पर समर्थकों और युवाओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। ढोल-नगाड़ों, आतिशी उत्साह और विकास से जुड़े नारों के बीच समर्थकों ने अपने लोकप्रिय विधायक का जन्मदिन मनाया। सुबह होते ही बधाई देने वालों का सिलसिला प्रारंभ हो गया, जो पूरे दिन जारी रहा।

 

मंदिरों में पूजा-पाठ, गौसेवा और जनकल्याण की कामना

 

जन्मदिन की शुरुआत ओपी चौधरी ने महापल्ली स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने प्रदेश और रायगढ़ जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं निरंतर विकास की कामना की। इसके पश्चात वे चक्रधर गौशाला पहुंचे, जहां गौसेवा करते हुए गायों को पूड़ी एवं हरी सब्जियां खिलाईं तथा गौसंरक्षण के महत्व पर चर्चा की।

 

जिले के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा बूढ़ी माई मंदिर एवं बंजारी मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रसाद वितरण किया गया। वहीं अनेक धार्मिक संस्थाओं ने मंत्री की दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामना की।

 

हर वर्ग से मिला स्नेह और समर्थन

 

जन्मदिन के अवसर पर व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, सब्जी मंडी समिति, अधिवक्ता संघ, कर्मचारी संगठनों, खेल एवं सांस्कृतिक संस्थाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने मंत्री निवास पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।

Uploaded Image

महापौर जीवर्धन चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने ओपी चौधरी को रायगढ़ के विकास का प्रमुख सूत्रधार बताते हुए कहा कि बीते वर्षों में शहर को नई पहचान दिलाने वाले कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, आधुनिक सड़कें और शहरी अधोसंरचना विकास को लोगों ने विशेष रूप से सराहा।

 

चौक-चौराहों पर मनाया गया जन्मोत्सव

 

शहर के विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने अपने-अपने ढंग से जन्मदिन मनाया। रामनिवास टॉकीज चौक पर लीची के लड्डू और आम से तुलादान किया गया। कई स्थानों पर केक काटे गए, मिठाइयां बांटी गईं तथा सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह देखने को मिला, जहां लोगों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

सोशल मीडिया पर भी छाया जन्मदिन का उत्साह

 

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ओपी चौधरी के जन्मदिन की व्यापक चर्चा रही। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर हजारों शुभकामना संदेश साझा किए गए। समर्थकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

 

प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व ने दी शुभकामनाएं

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओपी चौधरी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वे राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनसेवा में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखमय और यशस्वी जीवन की कामना की।

 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी से लेकर वित्त मंत्री तक का उनका सफर प्रेरणादायी रहा है। उनकी कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण प्रदेश के विकास को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

 

सर्व गुजराती समाज ने दिया विशेष योगदान

 

जन्मदिन के अवसर पर सर्व गुजराती समाज द्वारा पहाड़ मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा स्थापना के लिए 51,001 रुपये का चेक भेंट किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने ओपी चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए समाजहित एवं विकास कार्यों में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

 

जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी शक्ति : ओपी चौधरी

 

दिनभर चले जनमुलाकात कार्यक्रम के दौरान ओपी चौधरी ने जिलेभर से आए नागरिकों, वरिष्ठजनों, समाज प्रमुखों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

 

जन्मदिन के अवसर पर उमड़ा जनसैलाब यह दर्शाता है कि रायगढ़ की जनता अपने विधायक एवं वित्त मंत्री के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई है और जिले के विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उनके साथ खड़ी है।

Related Post