लगातार बारिश से कनाड गांव में कच्चा मकान ढहा, अनाज हुआ खराब
अरनोद प्रतापगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बारिश के चलते गुरुवार रात्रि को कनाड गांव निवासी राजेश पुत्र नाथूलाल धाकड़ के कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरने से मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
मकान के अंदर रखे गेहूं व लशन जैसे कच्चे अनाज भीगकर खराब हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात के कारण कई कच्चे मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से अरनोद क्षेत्र में मूसलधार बारिश का दौर जारी है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है और गांवों में कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
