कोंडागांव, 6 जून 2026। चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कोंडागांव जिले में चल रहे विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 के तहत नगर पालिका कोंडागांव में निर्माणाधीन जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस योजना के तहत 9 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिससे कोसारटेडा बांध से पानी लाकर घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। योजना का करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

इसके बाद अरुण साव ने कोपाबेड़ा में 3.61 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे तालाब सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक बन रही 2.9 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया, जिसकी लागत 4.61 करोड़ रुपये है।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कोंडागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी का निरीक्षण करते हुए सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान निर्माण कार्यों के कारण आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो और आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
अरुण साव ने चिखलपुट्टी स्थित नवनिर्मित बस स्टैंड का भी अवलोकन किया और यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा बेहतर संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
