Anp News live, Raigarh मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और CMHO डॉ. अनिल जगत के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले के स्वास्थ्य संस्थान लगातार उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इसी कड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदेली में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत दो दिवसीय राष्ट्रीय मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
12 और 13 मई को केंद्रीय मूल्यांकनकर्ताओं डॉ. आशीष कुमार यादव एवं डॉ. शांतनु सेन की टीम ने अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के छह प्रमुख विभागों—ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लैब, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं सामान्य प्रशासन—का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर चमका नंदेली अस्पताल, ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर इलाज
NQAS भारत सरकार द्वारा लागू एक महत्वपूर्ण गुणवत्ता ढांचा है, जिसके तहत संक्रमण नियंत्रण, मरीज सुरक्षा, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और मरीज संतुष्टि जैसे बिंदुओं पर कठोर जांच की जाती है। इस मूल्यांकन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता तक पहुंचाना है।
इस राष्ट्रीय मूल्यांकन को सफल बनाने में DPM सुश्री रंजना पैंकरा, डॉ. राजेश मिश्रा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर की स्वास्थ्य टीमों का विशेष योगदान रहा। PHC नंदेली की पूरी टीम, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स, RBSK टीम, मितानिन कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रमाणीकरण प्रक्रिया का सीधा लाभ नंदेली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा। अब लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर, सुरक्षित और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे जिला अस्पतालों और निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदेली की यह उपलब्धि अब रायगढ़ जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणा बनती जा रही है।
