राजनांदगांव। शहर कांग्रेस के पूर्व महामंत्री हेमंत ओस्तवाल ने घुमका नगर पंचायत चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि घुमका की जागरूक जनता ने भाजपा के सत्ता अहंकार, ठेकेदारों और दलाल प्रवृत्ति के लोगों की राजनीति को सिरे से नकारते हुए कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा को विजयी बनाकर स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है।
ओस्तवाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पिछले ढाई वर्षों में सत्ता के मद में चूर कुछ नेताओं एवं उनके करीबी ठेकेदारों-दलालों द्वारा जनभावनाओं की लगातार उपेक्षा की गई। क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नाम का दुरुपयोग करते हुए कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ साधने का प्रयास किया, जिसका जवाब घुमका की जनता ने मतदान के माध्यम से दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मात्र लगभग 3200 मतदाताओं वाले इस चुनाव को भाजपा नेताओं ने अनावश्यक रूप से हाई-प्रोफाइल बनाकर सत्ता, धनबल और बाहरी प्रभाव के सहारे जीतने का प्रयास किया। बड़े नेताओं का जमावड़ा, संसाधनों का खुला प्रदर्शन और स्थानीय कार्यकर्ताओं व आम जनता की अनदेखी भाजपा को भारी पड़ गई। घुमका की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया कि उन्हें दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा और जमीनी नेतृत्व चाहिए।
ओस्तवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए अनेक वादे आज भी धरातल पर दिखाई नहीं देते। जनता के बीच बढ़ती नाराजगी का परिणाम घुमका चुनाव में देखने को मिला है। यह परिणाम भाजपा के लिए चेतावनी है कि यदि जनहित और जनभावनाओं की उपेक्षा जारी रही तो आने वाले चुनावों में भी इसी प्रकार के परिणाम सामने आएंगे।
उन्होंने कांग्रेस की जीत का श्रेय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक हर्षिता स्वामी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चुनाव संचालक रमेश डाकलिया सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुट रणनीति, सही प्रत्याशी का चयन और घर-घर जनसंपर्क अभियान ने जनता का विश्वास जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ओस्तवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने पूरे चुनाव के दौरान विनम्रता, जनसंपर्क और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी, जिसका सकारात्मक प्रभाव मतदाताओं पर पड़ा। घुमका की जनता ने अपने मत के माध्यम से भाजपा के सत्ता घमंड को आईना दिखाते हुए लोकतंत्र की ताकत का परिचय दिया है।
भाजपा के सत्ता अहंकार को घुमका की जनता ने दिया करारा जवाब : हेमंत ओस्तवाल
