आंधी-तूफान में पेड़ की डाल गिरने से व्यक्ति की मौत

गाजीपुर। तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। 29 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4:30 बजे आए तेज हवा और बारिश के बीच पीजी कॉलेज चौराहे के पास एक पेड़ की भारी डाल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, चईशा उर्फ बकराबाद गांव निवासी 51 वर्षीय रामदरश राम दवा लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवाओं के चलते पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मृतक के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें आपदा राहत कोष, कृषक दुर्घटना योजना, पारिवारिक लाभ योजना और विधवा पेंशन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। मौके पर उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Post