Anp News Live Gazipur। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार (01 मई 2026) को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद के नेतृत्व में जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया।
इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर पुलिस बल ने पैदल मार्च करते हुए आमजन से संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर तलाशी अभियान भी चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान भी किए गए।
? थाना सादात रहा खास फोकस में
इस अभियान में थाना सादात पुलिस विशेष रूप से सक्रिय दिखाई दी। थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पैदल गश्त कर लोगों से सीधे
संवाद किया गया। पुलिस टीम ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
सादात पुलिस द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में कई संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई गई, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता स्पष्ट नजर आई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
