भूगोल श्रेणी में ‘इंडियाज़ बेस्ट टीचर्स अवार्ड्स 2026’ के राष्ट्रीय विजेता बने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक विनायक कोहली
कोंडागांव, 5 सितंबर 2026। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव के सामाजिक विज्ञान शिक्षक विनायक कोहली ने जिले और बस्तर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्हें ‘इंडियाज़ बेस्ट टीचर्स अवार्ड्स 2026’ में भूगोल श्रेणी का राष्ट्रीय विजेता चुना गया है। यह पुरस्कार शिव नादर फाउंडेशन एवं सईद बिजनेस स्कूल, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल है।

इस वर्ष पुरस्कार के लिए 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से 9,400 से अधिक पंजीकरण हुए थे। इनमें से 79 शिक्षकों का राष्ट्रीय फाइनल के लिए चयन हुआ, जो 4 सितंबर को शिव नादर विश्वविद्यालय, दिल्ली-एनसीआर में आयोजित हुआ। आठ विषय श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा के बाद केवल 16 शिक्षकों को राष्ट्रीय विजेता चुना गया, जिनमें विनायक कोहली भी शामिल हैं।

कोहली ने अपनी विजेता प्रस्तुति में बस्तर की लाल लैटेराइट मिट्टी, कोंडागांव के कुम्हारों के हस्तनिर्मित दीये, विद्यार्थियों द्वारा एकत्र किए गए मिट्टी के नमूने और ढोकरा-टेराकोटा शिल्प के माध्यम से भूगोल को स्थानीय संस्कृति से जोड़कर प्रस्तुत किया। उन्होंने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में विकसित सोशल साइंस लैब एवं मिनी बस्तर आर्ट म्यूजियम की शिक्षण अवधारणा भी प्रस्तुत की।

उनकी उपलब्धि के तहत अब वे पांच सप्ताह के हाइब्रिड व्यावसायिक विकास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसके बाद सईद बिजनेस स्कूल, ऑक्सफोर्ड में एक सप्ताह के पूर्णतः वित्तपोषित आवासीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विनायक कोहली ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव, केंद्रीय विद्यालय संगठन तथा अपने मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि कोंडागांव की मिट्टी, शिल्पकारों और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की राष्ट्रीय पहचान है। इस उपलब्धि से कोंडागांव का नाम अब देश के साथ अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंच पर भी पहुंचने जा रहा है।
