गाजीपुर। प्रशासनिक सतर्कता के तहत जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से जिला जेल पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरकों, रसोईघर और सीसीटीवी संचालन व्यवस्था की बारीकी से जांच की। जेल अस्पताल में भर्ती कैदियों से उनकी बीमारी, खान-पान और साफ-सफाई को लेकर बातचीत की गई।
इसके साथ ही हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई और सभी बैरकों का क्रमवार निरीक्षण करते हुए बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी की तारीख भी चेक की गई। रसोईघर में प्रतिदिन बनने वाले भोजन के मेन्यू की जानकारी लेकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जेल के अंदर मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने और रोस्टर बनाकर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
