कोण्डागांव, 12 जून 2026 | आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सुचारु, पारदर्शी एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने शुक्रवार को जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के निष्पक्ष एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, मूलभूत सुविधाओं तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों को परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026, रविवार को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा सेजेस जामकोटपारा को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में जिले के कुल 629 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा, परीक्षा नोडल अधिकारी रश्मि पोया, पुलिस नोडल डीएसपी रूपेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
