राजनांदगांव से लौटे भाजपा नेता, शिकायत खारिज 

 

शीर्ष नेतृत्व ने दी तालमेल की नसीहत

छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर अंतर्कलह का रूप लेती दिख रही है। पार्टी के भीतर गुटबाजी इतनी बढ़ गई है कि नेता एक-दूसरे के खिलाफ लामबंद नजर आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, कई स्थानीय और वरिष्ठ भाजपा नेता हाल ही में जिला राजनांदगांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ पार्टी संगठन और शीर्ष नेतृत्व के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

बताया जा रहा है कि नेताओं ने संगठन में समन्वय की कमी और आपसी विवादों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। सूत्रों की मानें तो शीर्ष नेतृत्व ने इन शिकायतों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी और स्पष्ट तौर पर खारिज कर दिया।

इसके साथ ही नेताओं को सख्त लहजे में आपसी तालमेल बनाकर काम करने की नसीहत दी गई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी हाईकमान ने दो टूक कहा कि व्यक्तिगत विवादों को किनारे रखकर संगठन को मजबूत करना ही प्राथमिकता होनी चाहिए।

शीर्ष नेतृत्व ने यह भी निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित किया जाए, ताकि पार्टी की छवि मजबूत हो सके। आंतरिक कलह से बचने और एकजुटता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

राजनांदगांव से लौटे नेताओं को अब आपसी समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी गई है। इस घटनाक्रम ने खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की आंतरिक स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post