Anp News Live Korba जिले के ग्राम नवापारा निवासी अनुभवी किसान मान सिंह कंवर ने कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों और आधुनिक तकनीकों के लाभों को साझा करते हुए कहा कि आज किसानों के लिए खेती पहले की तुलना में अधिक आसान और लाभकारी हो गई है। उन्होंने समय पर खाद-बीज की उपलब्धता और नैनो उर्वरकों के उपयोग को खेती में बड़ा परिवर्तन बताया।
करीब साढ़े चार एकड़ भूमि में खेती करने वाले मान सिंह कंवर वर्षों से कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि पहले किसानों को खाद, बीज और उर्वरकों की व्यवस्था के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन अब शासन की किसान हितैषी योजनाओं और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते यह प्रक्रिया काफी सरल हो गई है।
उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन की शुरुआत में किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध हो रही है, जिससे खेती की तैयारी बिना किसी बाधा के हो पा रही है। इससे किसानों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं तथा उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल रही है।
मान सिंह कंवर ने कहा कि वर्तमान में खेती की जिम्मेदारी उनके बच्चे संभाल रहे हैं, लेकिन बढ़ती उम्र के बावजूद उनका खेती से लगाव आज भी कायम है। वे लगातार नई कृषि तकनीकों की जानकारी लेते हैं और परिवार को आधुनिक तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय के साथ बदल रही तकनीकों को अपनाएं, क्योंकि आधुनिक कृषि पद्धतियां उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने में मददगार साबित हो रही हैं। विशेष रूप से नैनो उर्वरकों को उन्होंने किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इनके उपयोग से कम लागत में बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं, फसलों का विकास अच्छा होता है और मिट्टी की गुणवत्ता भी बनी रहती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक और शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र और अधिक सशक्त होगा।
