कोंडागांव, 14 जून 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने रविवार को राज्य के विभिन्न नगर निकायों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। जारी सूची में कोंडागांव जिले के नगर निकायों से जुड़े अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
आदेश के अनुसार नगर पालिका कोंडागांव में पदस्थ प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (राजस्व निरीक्षक) देवेश चंदेल का तबादला कर उन्हें नगर पंचायत केशकाल का प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनाया गया है।
वहीं नगर पालिका परिषद बेरला में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी सचिन गुप्ता को स्थानांतरित कर नगर पालिका कोंडागांव में पदस्थ किया गया है। इससे कोंडागांव नगर पालिका परिषद को नए सीएमओ मिलेंगे।
इसके अलावा केशकाल नगर पंचायत में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में कार्यरत नामेश्वर कुमार कावड़े को नगर पालिका परिषद बड़ेबचेली स्थानांतरित किया गया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि वे अपने मूल पद सहायक ग्रेड-02 पर वापस जाएंगे।
नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सात दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। समय सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर वेतन आहरण पर रोक तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को कोंडागांव और केशकाल क्षेत्र के नगरीय निकायों में कार्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
