नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर 13 विस्मिल नगर निवासी करीम खान ने एक निजी अस्पताल पर प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरतने और फर्जी डॉक्टरों से ऑपरेशन कराने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित परिवार ने सोनौली पुलिस, जिलाधिकारी महराजगंज, मुख्यचिकित्साधिकारी समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार उनकी गर्भवती पत्नी फरीदा खातून को 22 मई की सुबह प्रसव के लिए सोनौली स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में जांच के बाद सब कुछ सामान्य बताया गया। आरोप है कि अगले दिन सुबह ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से जानकारी मांगी तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हालत गंभीर होने पर महिला को इलाज के लिए केएमसी महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन में लापरवाही की आशंका जताई। वर्तमान में प्रसूता की हालत गंभीर बताई जा रही है।
करीम खान ने आरोप लगाया कि अस्पताल के बोर्ड पर कई डॉक्टरों के नाम दर्ज हैं, जबकि उनकी पत्नी का ऑपरेशन राजन और एस.पी. नामक व्यक्तियों द्वारा किया गया, जिन्हें उन्होंने झोलाछाप बताया है। उनका आरोप है कि गलत दवाओं और लापरवाही के चलते प्रसूता की जान खतरे में पड़ गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रभारी कोतवाल रामचन्दर राय ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
