जेवरा जंगल में सागौन कटाई, 5 तस्कर गिरफ्तार

थाना सीपत क्षेत्र में सागौन लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस को 26 फरवरी की रात सूचना मिली थी कि ग्राम जेवरा जंगल से सागौन के पेड़ों को काटकर पिकअप वाहन में भरकर जांजगीर-चांपा जिले की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए थाना सीपत की टीम ने घेराबंदी कर पिकअप वाहन क्रमांक CG-11 AB-0612 को रोका। वाहन की जांच करने पर उसमें पन्नी से ढंके 16 नग सागौन के लट्ठे बरामद हुए।

मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचंद कुर्रे, संतोष कुमार, जय सिंह ओगरे, लिल्लू राम पटेल एवं रघुवीर सिंह मरावी के रूप में हुई, जो सभी जांजगीर-चांपा जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65,827 रुपये मूल्य की 16 नग सागौन लकड़ी, 6,000 रुपये कीमत की डीजल आरा मशीन मय ब्लेड तथा लगभग 1,50,000 रुपये मूल्य का पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 2,21,827 रुपये बताई गई है।

सीपत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन संपदा की चोरी का मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post