Anp News बिलासपुर जिले के थाना चकरभाठा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 7200 रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 212/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत की गई है। गिरफ्तार आरोपी का नाम सरिता वर्मा (उम्र 36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, दुर्गा चौक, ग्राम सेवार, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर है।
मामले की जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक श्री निमितेश सर के मार्गदर्शन में अवैध शराब कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 14 अप्रैल 2026 को थाना चकरभाठा पुलिस को ग्राम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरिता वर्मा अपने घर के बाड़ी में हाथ भट्टी से निर्मित अवैध कच्ची महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के बाड़ी से एक पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में 12 नग सफेद पारदर्शी पन्नियों में भरी हुई महुआ शराब बरामद की गई, प्रत्येक पन्नी में लगभग 3-3 लीटर शराब थी, कुल मिलाकर 36 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
- जब आरोपी से शराब रखने के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जनअपील (पुलिस की अपील)
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि —
किसी भी प्रकार के अवैध कार्य में लिप्त व्यक्तियों की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
