कोण्डागांव, 12 जून 2026 | मर्दापाल क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मर्दापाल ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि मर्दापाल क्षेत्र जिला मुख्यालय से 30 से 60 किलोमीटर दूर स्थित एक सुदूर अंचल है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मलनार से लखापुरी पहुंच मार्ग पर स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी जांच कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा राशन दुकानों में अंत्योदय कार्डधारियों को शक्कर उपलब्ध नहीं होने, क्षेत्र में पेट्रोल पंप नहीं होने तथा किसानों को डीजल-पेट्रोल के लिए लंबी दूरी तय करने और घंटों इंतजार करने जैसी समस्याओं को भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय कृषि कार्यों का है, ऐसे में ईंधन संकट से किसानों को गंभीर दिक्कतें हो रही हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महामंत्री रितेश पटेल, प्रदेश सचिव सकुर खान, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, जिला उपाध्यक्ष सुखराम पोयाम, महामंत्री उमाकांत सेठिया, शहर महामंत्री सनी चोपड़ा, वरुण सेठिया, चमरा राम बघेल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
