कोरबा में भाजपा का कांग्रेस पर हमला: ‘नारी शक्ति वंदन’ पर विपक्ष की नीयत पर सवाल

कोरबा में भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। शहर के टीपी नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इसे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ बताया।

प्रेस वार्ता में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार और प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर अपनी “संकीर्ण और महिला-विरोधी मानसिकता” को उजागर किया है। उनका कहना था कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष ने इसे रोककर मातृशक्ति के अधिकारों के साथ अन्याय किया है।

नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी सोच के तहत यह विधेयक लाया गया था, लेकिन विपक्ष ने हमेशा की तरह विकास की हर पहल में बाधा डालने का काम किया।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा ने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि आम महिलाओं को राजनीति में अवसर मिले और उनका प्रतिनिधित्व बढ़े। भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों को लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक बताते हुए कहा कि वे राजनीति को सीमित दायरे में रखना चाहते हैं।

भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि भले ही सदन में संख्या बल के अभाव में विधेयक पारित नहीं हो पाया हो, लेकिन पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

इस प्रेस वार्ता के जरिए भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बना रह सकता है।

Related Post