Anp news ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ स्वागत, विकास योजनाओं की सौगात लेकर पहुंचे विधायक

Anp News Live Korba रामपुर विधानसभा के विधायक फूलसिंह राठिया ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। इस दौरान ग्राम लेमरू में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया, वहीं ग्राम विमलता में मंझवार समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी गई।
विधायक के वनांचल दौरे को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुटुरूवां, विमलता, बड़गांव और लेमरू सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों और पुष्पमालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
दौरे के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के लिए विधायक का आभार जताया।
ग्राम लेमरू के संचार बहार नाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और वन भोज कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों के साथ आत्मीय समय बिताया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और विकास कार्यों की घोषणा करना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। विधायक के इस दौरे से वनांचल क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Related Post