ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता पर दिया गया जोर
गौरेला पेंड्रा मरवाही/प्रयास कैवर्त
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के निर्देशानुसार जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। जनपद पंचायत मरवाही के ग्राम पंचायत चचेडी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे की उपस्थिति में विशेष ग्राम सभा एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, स्वच्छाग्रहियों एवं ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों के संबंध में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रावधानों का वाचन कर उसके प्रभावी परिपालन पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा एवं विशेष देखभाल वाले कचरे के सुरक्षित निपटान हेतु स्रोत स्तर अर्थात घरों में ही कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता एवं महत्व से ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्राम सभा में स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु एवं प्लास्टिक मुक्त पंचायत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों पर भी जोर दिया गया।
ग्राम सभाओं में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा स्वच्छता शुल्क लागू कर ग्राम स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों को सतत बनाए रखने पर चर्चा की गई। साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को स्वच्छाग्रही के रूप में जोड़ने तथा ग्राम पंचायत स्तर से उन्हें नियमित मानदेय उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता एवं व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल ग्रामों का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं कचरा पृथक्करण को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
