Anp news गांव-गांव पहुंचा रेलवे सुरक्षा का संदेश, 8600 से अधिक लोगों से संवाद

Anp News Live Korba अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के चौथे दिन 54 से अधिक गांवों और बस्तियों में विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 8600 से अधिक ग्रामीणों, वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को रेलवे समपार सुरक्षा और संरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी साकेत रंजन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य रेलवे ट्रैक और समपार फाटकों के आसपास सुरक्षा संस्कृति विकसित करना है।

अभियान के तहत बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पेंड्रा-मरवाही, कोरिया-मनेन्द्रगढ़-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर एवं सुंदरगढ़ जिलों के कई गांवों में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों को समपार फाटक पार करने के सुरक्षित तरीकों, रेल लाइन के समीप सतर्कता बरतने और बच्चों व पशुओं को रेलवे ट्रैक से दूर रखने के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में यह भी बताया गया कि रेलवे ट्रैक पर चलना, उसे शॉर्टकट के रूप में उपयोग करना या बंद समपार फाटक को जल्दबाजी में पार करना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

विशेष रूप से पशुधन सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि रेलवे ट्रैक के पास कूड़ा-कचरा या खाद्य सामग्री फेंकने से मवेशी ट्रैक की ओर आकर्षित होते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों से अपने पशुओं की निगरानी रखने और रेलवे लाइन से दूर रखने की अपील की गई।

इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, परिचालन, इंजीनियरिंग एवं संरक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उमरिया क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से नागरिकों की काउंसिलिंग कर उन्हें समपार सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समपार फाटकों एवं रेलवे लाइनों के आसपास निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित रेल एवं सड़क यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग करें।

Related Post