Anp News Live Bilaspur अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा चलाए जा रहे विशेष जन-जागरूकता अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तीसरे दिन बिलासपुर मंडल के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने समपार सुरक्षा की शपथ लेकर रेलवे सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
मंडल के अंतर्गत आने वाले बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, कोरबा, सुंदरगढ़, पेंड्रा-मरवाही, कोरिया-मनेन्द्रगढ़-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया एवं कटनी जिलों के 42 विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संगठनों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को रेलवे समपारों पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि रेलवे समपारों पर होने वाली अधिकांश दुर्घटनाएं मानवीय लापरवाही के कारण होती हैं। यदि नागरिक चेतावनी संकेतों का पालन करें, बंद फाटक पार करने का प्रयास न करें और धैर्य बनाए रखें, तो ऐसी दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
जागरूकता अभियान में शामिल लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुरक्षित समपार उपयोग का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का वादा किया।
बिलासपुर मंडल द्वारा सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत समपार फाटकों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनसंवाद, सुरक्षा शपथ, नुक्कड़ नाटक, रैली और ग्राम संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा संस्कृति का विकास करना तथा समपार दुर्घटनाओं को शून्य की दिशा में ले जाना है।
मंडल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रेलवे समपारों पर लगे सुरक्षा संकेतों का पालन करें, जल्दबाजी से बचें और सुरक्षित रेल एवं सड़क यातायात व्यवस्था के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
"एक क्षण की सावधानी, जीवन भर की सुरक्षा"
"रुकिए – देखिए – सुनिए – और सुरक्षित पार कीजिए"
