ANP News विश्व युवा कौशल दिवस पर बालको का बड़ा संकल्प, वेदांता स्किल स्कूल ने पूरे किए 15 गौरवशाली वर्ष

ANP News Live विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने वेदांता स्किल स्कूल की 15 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में कौशल विकास के जरिए हजारों युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की उपलब्धियों को साझा किया गया। इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम "साझा भविष्य के लिए कौशल" रही।

कार्यक्रम में बालको के वरिष्ठ अधिकारियों, समुदाय के प्रतिनिधियों, पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षुओं तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सप्ताहभर चले आयोजन में वाद-विवाद, कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, इनडोर खेल और एआई वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और डिजिटल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

समारोह में प्रशिक्षुओं ने लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक प्रेरक नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें दिखाया गया कि कौशल प्रशिक्षण ने किस तरह एक युवा के जीवन को नई दिशा देकर रोजगार और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त किया।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वेदांता स्किल स्कूल युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उनके भविष्य को सशक्त बना रहा है। उनका कहना था कि कौशल विकास ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज के समग्र विकास की मजबूत नींव है।

इस अवसर पर वेल्डर और मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेड में प्रशिक्षित 40 से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही पीएम सूर्य घर सर्टिफिकेशन एंड स्किल अपग्रेडेशन कोर्स की भी शुरुआत की गई, जिसके तहत 100 सोलर पीवी टेक्नीशियन को विशेष प्रशिक्षण और प्रत्येक प्रतिभागी को 3,500 रुपये का प्रशिक्षण भत्ता दिया जाएगा।

वर्ष 2010 में स्थापित वेदांता स्किल स्कूल अब तक 14 हजार से अधिक युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दे चुका है और इस वर्ष 15 हजार प्रशिक्षित युवाओं के महत्वपूर्ण पड़ाव की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वेल्डिंग, फिटर, इलेक्ट्रिकल, सिलाई मशीन संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण देकर यह संस्थान युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है।

बालको ने दोहराया कि भविष्य में भी कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए उसके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Related Post