कोतमा में दर्दनाक हादसा, मलबे में दबकर 3 की मौत

मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र में एक लॉज भवन के अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो कई घंटों तक लगातार चलता रहा। बचाव कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन और एसईसीएल की टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया। आधुनिक मशीनों और डॉग स्क्वॉड की मदद से मलबे की सघन तलाशी ली गई, जिसमें तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि तीन शव बरामद किए गए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हनुमान दीन यादव और रामकृपाल यादव सहित एक अन्य स्थानीय निवासी के रूप में हुई है। घायलों में से गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि अन्य का उपचार कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजन को कुल 9 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान, संबल योजना और रेडक्रॉस से मिलने वाली राशि शामिल है। वहीं घायलों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार और कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी रात राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश भी जारी किए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी सभी एजेंसियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रशासन द्वारा राहत और सहायता कार्य तेजी से जारी है।

Related Post