कोण्डागांव, 12 जून 2026 | जिले में शुक्रवार सुबह प्री-मानसून ने जोरदार दस्तक दी। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के साथ हुई वर्षा ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई। पिछले कई दिनों से लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान झेल रहे लोगों ने मौसम में आए इस बदलाव का स्वागत किया।
सुबह आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मेघगर्जन, तेज हवाएं तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से किसानों में भी खुशी का माहौल है और वे आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटने लगे हैं।
