कोण्डागांव, 12 जून 2026 | लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के मुख्य अभियंता ने कोण्डागांव खंड के कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी पत्र के अनुसार 5 जून 2026 को उप मुख्यमंत्री अरुण साव के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेड़मा प्रवास के दौरान जल जीवन मिशन के तहत आयोजित जल अर्पण समारोह में ग्रामीणों ने नव निर्मित पेयजल योजना के सुचारु रूप से संचालित नहीं होने और नियमित जलापूर्ति नहीं मिलने की शिकायत की थी।
मुख्य अभियंता ने पत्र में उल्लेख किया है कि भीषण गर्मी के दौरान योजना से जलापूर्ति नहीं होना शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादन में कमी को दर्शाता है। इससे विभाग की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
पत्र में कार्यपालन अभियंता से 7 दिवस के भीतर उचित माध्यम से स्पष्टीकरण भेजने को कहा गया है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।
