कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 149B पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घटना सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा।
यह हादसा कोथारी स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर मुख्य सड़क की ओर निकल रहा था। उसी दौरान चांपा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अचानक बाइक के सामने आ गई।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे सड़क किनारे खेत में जा गिरा।
स्कॉर्पियो में कुल चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है। खासकर पेट्रोल पंप और मुख्य मार्ग के जंक्शन पर वाहन चालकों को अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
