कोंडागांव, 8 सितंबर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी की अध्यक्षता में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, मॉनिटरिंग सेल, हिट एंड रन तथा नेशनल लोक अदालत के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी में लंबे समय से विचाराधीन बंदियों, जमानत मिलने के बावजूद शर्तें पूरी नहीं कर पाने वाले तथा अधिकतम सजा की अवधि के सापेक्ष पर्याप्त समय जेल में बिता चुके बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई। पात्र बंदियों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मॉनिटरिंग सेल की बैठक में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने तथा मेगा ड्राइव के तहत ग्राम तोतर में गुरुवार और शुक्रवार को विभिन्न विभागों के शिविर आयोजित कराने पर चर्चा हुई।
वहीं, 12 सितंबर 2026 को होने वाली नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण कराने और पुलिस विभाग को ट्रैफिक चालान के मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
