महराजगंज,अजीत कुमार सिंटू की रिपोर्ट
चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा नाथनगर में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां डीजे के लिए बिजली का कनेक्शन जोड़ते समय 18 वर्षीय युवक शनि पुत्र वीरेन्द्र करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे शनि अपने चाचा की बेटी के जन्मदिन समारोह में डीजे चलाने के लिए केबल जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संपर्क 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से हो गया। तेज करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज ले गए, जहां चेकअप के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही घटना की जानकारी चिकित्सकों ने चौक पुलिस को दे दी। परिजन शव को घर ले आए, जहां रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। घटना के समय मृतक के पिता वीरेन्द्र बेंगलुरु में थे। घर पर उसकी मां रीता देवी और दो भाई मौजूद थे। शनि तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता तुरंत घर के लिए रवाना हो गए। घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार को गमगीन माहौल में परिजनों ने शनि का अंतिम संस्कार कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम दिखाई दे रही है। इस संबंध में एसओ चौक ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना अस्पताल से मिलते ही पुलिस मृतक के घर पहुंचकर जायजा लिया। परिजनों ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
