कोंडागांव पुलिस को बड़ी सफलता, ऑपरेशन ‘मुस्कान’ व ‘तलाश’ के तहत अपहृत बालक व गुमशुदा महिला बरामद

कोंडागांव, 25 अप्रैल 2026। जिले के फरसगांव थाना पुलिस ने गुमशुदा पतासाजी में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए ऑपरेशन “मुस्कान” और “तलाश” के तहत एक अपहृत नाबालिग बालक एवं एक गुमशुदा महिला को सकुशल बरामद किया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को एक महिला ने थाना फरसगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 16 वर्षीय पुत्र, जो अपने मित्र के साथ धनोरा मेला गया था, को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

इसी प्रकार 22 अप्रैल 2026 को मोहलई निवासी राजू राम दीवान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पत्नी धनई बाई 20 अप्रैल की रात से लापता है। इस मामले में गुम इंसान क्रमांक 13/2026 दर्ज कर पुलिस द्वारा तलाश शुरू की गई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में फरसगांव थाना की एक संयुक्त टीम गठित कर लगातार पतासाजी की जा रही थी। अभियान के तहत 24 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने अपहृत बालक वरुण कुमार भंसारे (निवासी नवीन कॉलोनी, फरसगांव) तथा गुमशुदा महिला धनई बाई (निवासी मोहलई) को सकुशल बरामद कर लिया।

 

दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।

 

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास, उप निरीक्षक शशि भूषण पटेल, सहायक उप निरीक्षक रामनंदन कोरटे, आरक्षक बीना मांडवी, जयश्री ध्रुव, महिला आरक्षक लक्ष्मी मरकाम, कृष्ण सेठिया एवं सदेश सोरी का विशेष योगदान रहा।

 

पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में राहत और विश्वास का माहौल बना है।

Related Post