कोसाबाड़ी चौक पर उमड़ा युवा जोश, जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा का भव्य स्वागत

 शहर का कोसाबाड़ी चौक उस समय केसरिया ऊर्जा से सराबोर हो उठा, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा कोरबा के जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा एवं जिला महामंत्री मोंटी पटेल का कोसाबाड़ी मंडल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल महामंत्री पिंकू रंजन एवं मंत्री सिद्धांत नारायण सोनी ने किया। जैसे ही जिलाध्यक्ष का काफिला चौक पहुंचा, ढोल-नगाड़ों की गूंज, जयघोष और केसरिया ध्वजों के बीच पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। पूरा चौक “भारत माता की जय” और संगठन के समर्थन में नारों से गूंज उठा।

अपने संबोधन में वैभव शर्मा ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की मजबूत नींव है और युवाओं की प्रतिबद्धता ही पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाती है। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में नई रणनीति और नए संकल्प के साथ संगठन को मंडल एवं बूथ स्तर तक सशक्त किया जाएगा।

जिला महामंत्री मोंटी पटेल ने मंडल टीम की सक्रियता और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का यह उत्साह आने वाले समय में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को नई दिशा देगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता और युवा साथी उपस्थित रहे। आयोजन ने न केवल संगठनात्मक एकता का संदेश दिया, बल्कि कोरबा में युवा शक्ति की सक्रिय भूमिका को भी रेखांकित किया।

Related Post