थाना बालको नगर क्षेत्र में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 94/2028 के तहत धारा 296, 75(1), 78(1), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी की पहचान साहिल मसीह (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर बालको, थाना बालको नगर जिला कोरबा के रूप में हुई है। प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी पिछले छह माह से उसकी पुत्री का एकतरफा पीछा कर परेशान कर रहा था। 18 फरवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से प्रार्थी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा।
शिकायत के मुताबिक, जैसे ही प्रार्थी घर से बाहर निकला, आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया। गोली चलने की आवाज सुनकर प्रार्थी नीचे बैठ गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। आरोपी ने पुनः फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। उसके पास से एक पिस्टल, एक जिंदा राउंड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को अवैध हथियार कहां से प्राप्त हुआ। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
