मेहनत और लगन से तालाब गहरीकरण कार्य को बनाया ग्रामीणों ने : संजय सिन्हा


छुरिया। छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत अरजकुंड के आश्रित ग्राम पथरा नवागांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान जिला पंचायत सभापति गोपाल भुआर्य, सरपंच रूखमणी सिन्हा, कुंदन बडोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान संजय कुमार सिन्हा ने मौके पर उपस्थित श्रमिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मनरेगा के तहत अब मजदूरों को 125 दिनों तक रोजगार देने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही बारिश के दिनों में योजना को बंद रखने का प्रावधान किया गया है, ताकि ग्रामीणों को कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि योजना में भवन, पुल, शेड सहित कई प्रकार के निर्माण कार्यों को शामिल किया गया है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
श्रमिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि तालाब गहरीकरण कार्य गांव के विकास, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और गांव में पानी रहेगा तो खेती, पशुपालन और ग्रामीणों का जीवन भी समृद्ध होगा। मनरेगा के माध्यम से तालाबों का गहरीकरण कर जल संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है।
जिला पंचायत सभापति गोपाल भुआर्य ने भी श्रमिकों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि मजदूरों ने धूप और कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर तालाब को गहरा और उपयोगी बनाया है। यह कार्य केवल आज के लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल संरक्षण का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने बताया कि तालाब के गहरीकरण से बरसात का पानी अधिक मात्रा में संग्रहित होगा, किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा, भूजल स्तर बढ़ेगा और पशुओं व ग्रामीणों को भी पानी की सुविधा मिलेगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Post