कोरबा। बोर्ड परीक्षाओं और आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने डीजे संचालकों एवं होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक आयोजित की।
यह बैठक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
बोर्ड परीक्षा के दौरान शांति बनाए रखने पर जोर
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान न हो। साथ ही होली पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, इसके लिए शासन के नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
डीजे संचालकों के लिए प्रमुख निर्देश
▪️ शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का पालन अनिवार्य
▪️ रात्रि 10:00 बजे के बाद डीजे/लाउडस्पीकर पूर्णतः बंद (विशेष अनुमति के बिना)
▪️ ध्वनि स्तर निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर रखा जाए
▪️ परीक्षा केंद्रों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास विशेष सावधानी
▪️ होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियम उल्लंघन पर उपकरण जब्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण और आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
होली सामग्री विक्रेताओं को सख्त हिदायत
▪️ किसी भी प्रकार के मुखौटे (मास्क) की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित
▪️ अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री का विक्रय न करें
▪️ हानिकारक रासायनिक रंगों की बिक्री से बचें
पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नियमों के पालन का दिया आश्वासन
बैठक में उपस्थित सभी डीजे संचालकों और व्यापारियों ने नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों, आयोजकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं।
“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी और नियम उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
