कोंडागांव, 05 अप्रैल 2026 | त्रिपुरा में होने वाले त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि आगामी 12 तारीख को त्रिपुरा राज्य में टीटीएएडीसी की 28 सीटों पर चुनाव होना है, जिनमें 25 सीटें जनजातीय वर्ग के लिए आरक्षित हैं। चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दलों द्वारा प्रचार अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 20 किल्ला-बागमा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अमर जमातिया के समर्थन में एक भव्य पदयात्रा एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली और जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सुश्री लता उसेंडी के नेतृत्व में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, विधायक रामपदा जमातिया, तुतन दास सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

सभा के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जनता से पार्टी के पक्ष में समर्थन की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों का उत्साह साफ तौर पर नजर आया।
जनसभा के बाद एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी सामने आया, जिसमें 321 परिवारों के सदस्यों ने विपक्षी दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इन परिवारों ने राज्य में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने की बात कही।
टीटीएएडीसी चुनाव को लेकर इस तरह की जनसभाएं और जनसंपर्क अभियान आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।
