वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी चिंता
आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम की एक सराहनीय एवं मानवीय पहल देखने को मिली, जब भीड़-भाड़ के दौरान अपने परिवार से बिछड़े लगभग 5 वर्षीय बालक को रेलवे टीम की सजगता से सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित परिवार बिलासपुर से भोपाल की यात्रा हेतु 18233 नर्मदा एक्सप्रेस से प्रस्थान करने वाला था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर भीड़ के बीच बालक अपने परिजनों से अलग हो गया। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्टेशन परिसर में खोजबीन प्रारंभ की।
स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों के समन्वित प्रयास एवं सतर्क निगरानी के परिणामस्वरूप अल्प समय में ही बालक को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। बालक को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया तथा आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उसे सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने रेलवे प्रशासन एवं वाणिज्य विभाग की टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया-“यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्टेशन परिसर में तैनात स्पेशल टीम की सतर्कता एवं संवेदनशीलता से इस प्रकार की घटनाओं में त्वरित राहत मिल रही है। यात्रियों से भी अपील है कि यात्रा के दौरान बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेलवे स्टाफ से संपर्क करें।
