नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरताल स्थित शिव मंदिर में मूर्तियां खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को मंदिर की मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिलने पर थाना नवागढ़ में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर खैरताल निवासी शेख अनवर उर्फ छोटा फोन (30 वर्ष) से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशे की हालत में मूर्तियां खंडित करना स्वीकार किया।
घटना को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मानते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। तत्पश्चात आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे (थाना प्रभारी नवागढ़), उप निरीक्षक संतोष केरकेटटा, प्रधान आरक्षक शिवनंदन गिरधारी, आरक्षक हेमंत खरे, मुकेश राज सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
