कोंडागांव, 18 फरवरी 2026 | जिला मुख्यालय स्थित विशिष्ट प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, कोंडागांव में बुधवार को कक्ष साज-सज्जा प्रतियोगिता एवं पालक–बालिका न्योता भोज का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शहर मंडल अध्यक्ष कुलवंत चहल एवं निगरानी समिति अध्यक्ष श्रीमती ननकी वैष्णव विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों, स्वच्छता, अनुशासन, टीमवर्क एवं सौंदर्यबोध को प्रोत्साहित करना रहा।

कक्ष साज-सज्जा प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने-अपने कक्षों को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक रूप से सजाकर रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा स्वच्छता, सजावट एवं अनुशासन के आधार पर मूल्यांकन किया गया, जिसमें निम्नलिखित कक्ष विजेता रहे—
प्रथम पुरस्कार: Room No. 6 – Researchers Wing
द्वितीय पुरस्कार: Room No. 3 – Teachers Wing
तृतीय पुरस्कार: Room No. 1 – IT Engineers Wing

कार्यक्रम के माध्यम से जिन बच्चों ने दिल्ली में आयोजित नेशनल लेवल खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था उन 7 बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि नरपति पटेल ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आत्मविश्वास, सामूहिकता और रचनात्मक सोच को सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पालक–बालिका न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, पालकों एवं छात्राओं ने सामूहिक सहभागिता की।

इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षिका सुश्री कल्याणी सुनहरे, आदिवासी विकास विभाग के समस्त स्टाफ, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकगण, पालकगण एवं छात्रावास के कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन छात्राओं में स्वच्छता, रचनात्मकता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करने वाला एक सफल एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम सिद्ध हुआ।
